नेशनल हाईवे-44 पर मालथौन अटा चेक प्वाइंट पर गुरुवार शाम एक ट्रक पलट गया। ड्राइवर ने चेक प्वाइंट कर्मियों पर बैरिकेड ट्रक के सामने धकेलने और अवैध वसूली का आरोप लगाया। ट्रक पलटने के कारण हाईवे पर करीब एक घंटे तक जाम रहा। इस दौरान जाम में फंसे ड्राइवरों पर एक वर्दीधारी ने डंडे से पिटाई की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ललितपुर के ट्रक ड्राइवर शैलेंद्र यादव ने बताया कि वह ट्रक क्रमांक RJ11-GC- 4285 लेकर चेन्नई से दिल्ली जा रहा था। मालथौन अटा चेक प्वाइंट पर कर्मियों ने बैरिकेड उसके ट्रक के सामने धकेल दी, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। ड्राइवर ने कर्मचारियों पर अवैध वसूली का आरोप भी लगाया।
वर्दीधारी ने ड्राइवर को पीटा
ट्रक पलटने के बाद नेशनल हाईवे के दोनों तरफ जाम लग गया। जाम में फंसे एक निरीक्षक ने आपा खोकर प्लास्टिक पाइप से ट्रक चालक और अन्य ड्राइवरों की पिटाई की। बाद में मामला शांत हुआ और जाम खुल गया। उक्त निरीक्षक कौन हैं और कहां पदस्थ हैं, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।
मालथौन थाना प्रभारी अशोक यादव ने बताया कि जाम में फंसे लोगों को परेशानी हुई। ट्रक पलटने और जाम के पूरे मामले की जांच की जा रही है। निरीक्षक स्तर के यह अधिकारी सागर जिले में पदस्थ नहीं हैं और बाहर से आए लग रहे हैं।
