मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के एक जूनियर इंजीनियर और कंप्यूटर ऑपरेटर को 7,000 रुपए की रिश्वत लेते हुए लोकायुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई गुरुवार को उखरी स्थित वितरण कंपनी के सिटी सर्किल के विजयनगर संभाग कार्यालय में की गई। दोनों को मीटर लगवाने के नाम पर रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया।
लोकायुक्त पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। बाद में उन्हें मुचलके पर रिहा कर दिया गया। यह शिकायत गोहलपुर अमखेरा स्थित नर्मदा नगर निवासी गौरी शंकर यादव ने लोकायुक्त एसपी को दी थी।
गौरी शंकर यादव ने बताया कि उन्होंने अपनी पत्नी सुमित्रा यादव के नाम पर मीटर लगवाने के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था और भुगतान भी जमा कर दिया था। इस संबंध में जूनियर इंजीनियर वरुण दरबे और कंप्यूटर ऑपरेटर विनोद कोरी ने उनसे पहले 8,000 रुपए की रिश्वत मांगी थी, लेकिन बाद में 7,000 रुपए में मीटर लगवाने पर सहमत हो गए थे।
शिकायत का सत्यापन करने के बाद, लोकायुक्त टीम ने आवेदक को रिश्वत के नोट देकर मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के उखरी स्थित कार्यालय भेजा। जैसे ही आरोपियों ने आवेदक से रिश्वत ली, लोकायुक्त टीम ने कंप्यूटर ऑपरेटर को मौके पर ही पकड़ लिया। इस कार्रवाई के दौरान निरीक्षक उमा कुशवाहा, राहुल गजभिए और शशिकला मस्कुले सहित टीम के अन्य सदस्य मौजूद थे।