सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (BMC) में सुरक्षाकर्मियों द्वारा एक प्रसूता के पति के साथ जमकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना 14 नवंबर की रात की है। इस मारपीट का एक वीडियो भी वायरल हुआ है, जिसमें तीन गार्ड युवक को पीटते दिख रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद गार्डों ने भी गोपालगंज थाने पहुंचकर युवक के खिलाफ शिकायती आवेदन दिया है। गार्डों का आरोप है कि युवक नशे में था और वार्ड में घुसने से रोकने पर उसने गाली-गलौज और मारपीट शुरू की थी
दरअसल, रहली क्षेत्र निवासी सुनील रजक की पत्नी स्वाति रजक महिला वार्ड क्रमांक 5 में पलंग नंबर 31 पर भर्ती थी। प्रसूता का पति सुनील देर रात पत्नी को देखने वार्ड में जा रहा था। तभी गार्ड ने उसे रोक लिया। यहां उनके बीच कहासुनी हुई।
मारपीट का वीडियो हुआ वायरल कहासुनी के दौरान बीएमसी के अन्य गार्ड मौके पर पहुंचे और सुनील के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान किसी अन्य मरीज के परिजन ने इस घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर सामने आया है। वीडियो सामने आते ही बीएमसी प्रबंधन और पुलिस ने मामले को जांच में लिया है।
गार्डों का आरोप- नशे में था युवक, मारपीट की वीडियो सामने आने के बाद बीएमसी के सुरक्षाकर्मियों ने गोपालगंज थाने पहुंचकर सुनील के खिलाफ शिकायती आवेदन दिया है। आवेदन में सुरक्षाकर्मी राम दुबे ने बताया कि उसकी ड्यूटी बीएमसी में थी। रात करीब पौने 10 बजे सुनील रजक वार्ड क्रमांक 5 के गेट पर पहुंचा।
‘गाली देने से रोका तो हमला किया’ गार्ड ने बताया कि सुनील की पत्नी स्वाति रजक वार्ड में भर्ती थी, लेकिन सुनील शराब के नशे में थे, इसलिए उन्हें वार्ड में जाने से रोका गया। इस पर सुनील ने गालीगलौज शुरू कर दी। गालियां देने से रोका तो उसने मारपीट शुरू कर दी। ऐसे में उसे पकड़कर अस्पताल से बाहर किया गया।
मैनेजर बोले- नशे में किसी को जाने नहीं देते बीएमसी में सुरक्षा देख रही कंपनी के मैनेजर भूपेंद्र ने बताया कि वीडियो सामने आया है। उक्त व्यक्ति नशे की हालत में था। वार्ड में प्रसूता और नवजात बच्चे भर्ती रहते हैं, जहां नशे की हालत में किसी को जाने नहीं दिया जाता है। वरिष्ठ अधिकारियों को मामले की जानकारी दे दी गई है।
पुलिस बोली- पीड़ित पक्ष ने शिकायत नहीं की गोपालगंज थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह कुशवाहा ने कहा कि सुरक्षाकर्मियों ने शिकायती आवेदन दिया है, जिसकी जांच कर रहे हैं। दूसरा पक्ष (सुनील रजक) अब तक सामने नहीं आया है। उन्होंने कहा कि यदि मरीज के परिजन के साथ मारपीट हुई है तो यह गलत है। वह शिकायत करते हैं तो जांच कर मामले में कार्रवाई की जाएगी।