
Kamal Nath Update News: मप्र के पूर्व सीएम कमलनाथ के भाजपा में शामिल होने की अटकलें दो दिन से चल रही हैं। वहीं, अब चर्चा है कि कमलनाथ राजनीति से सन्यास की घोषणा कर सकते हैं, उनके बेटे और बहुू भाजपा की सदस्यता ले सकते हैं।
मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम कमलनाथ के भाजपा में जाने की अटकलों के बीच एक और चर्चा शुरू हो गई है। वह चर्चा यह कि कमलनाथ भाजपा में शामिल न होकर राजनीति से सन्यास की घोषणा कर दें। उनके बेटे और छिंदवाड़ा से सांसद नकुल नाथ और बहू प्रिया नाथ भाजपा ज्वॉइन कर लें।
ऐसा इसलिए कहा जा रहा है, क्योंकि कमलनाथ राजनीतिक सफर के आखिरी पड़ाव पर हैं। उनकी उम्र 77 साल के करीब है। ऐसे में राजनीति में उनके लिए कुछ ज्यादा संभावनाएं भी नहीं हैं। ऐसे में वे राजनीतिक जीवन के आखिरी पड़ाव पर भाजपा में शामिल होकर अपनी छवि खराब नहीं करना चाहते हैं। कमलनाथ 22 साल की उम्र में कांग्रेस से जुड़े थे। इसके बाद वे संगठन में कई पदों पर रहे, कई बार केंद्रीय मंत्री बनाए गए और फिर मप्र के मुख्यमंत्री भी बने।
नकुल और प्रिया भाजपा में गए तो क्या भूमिका होगी?
नकुल नाथ वर्तमान में छिंदवाड़ा से सांसद हैं। अगर, वे भाजपा में शामिल होते हैं तो इसी सीट से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। वहीं, कमलनाथ के राजनीति से सन्यास लेने के बाद उनकी विधानसभा सीट खाली हो जाएगी, जहां से उपचुनाव जीतकर प्रिया विधानसभा जा सकती हैं।
कमलनाथ का न इनकार और न इकरार
कमलनाथ दिल्ली स्थित बंगले से बाहर निकले तो उन्हें मीडिया ने घेर लिया। इस दौरान मीडिया ने उनसे भाजपा में जाने को लेकर सवाल किया तो उन्होंने कल वाली बात ही दोहराई। कमलनाथ ने कहा- ‘मैंने कल ही कहा था कि अगर ऐसा कुछ होगा तो मैं आप सभी को बताऊंगा। मैंने किसी से भी बात नहीं की है।
आज मोदी और शाह से मिल सकते हैं
कमलनाथ बेटे नकुल नाथ के साथ शनिवार को अचानक दिल्ली पहुंच गए। इसके बाद से उनके भाजपा में शामिल होने की चर्चाओं ने जोर पकड़ा। कमलनाथ अभी दिल्ली में ही हैं, बताया जा रहा है कि वे आज पीएम नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के मुलाकात कर सकते हैं।