
किसान ने खेत में लगाए थे अफीम के पांच हजार पौधे। पुलिस ने आरोपी पर नारकोटिक्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
मध्य प्रदेश के मैहर जिल में अब नशे की तस्करी के साथ-साथ नशे की खेती भी होने लगी है। मामला अमरपाटन थाना क्षेत्र से सामने आया है। यहां एक किसान ने प्याज के खेत में अफीम की खेती की हुई थी। पुलिस को सूचना मिली तो मामला सामने आया है।
जानकारी के अनुसार अमरपाटन थाना क्षेत्र के सुआ गांव के किसान रामकिशोर पटेल ने अपने खेत में प्याज की फसल के बीच प्रतिबंधित अफीम की खेती की हुई थी। बताया जा रहा कि जब पुलिस ने खेत में सर्च किया तो वहां प्याज की फसल के बीच अफीम के अनेक पौधे लगे मिले। उन पर फूल और फल लगे हुए थे। इन पौधों की संख्या 5 हजार 52 थी, जिन्हें पुलिस ने काटकर अपनी कस्टडी में ले लिया और आरोपी को भी हिरासत में लेकर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
अमरपाटन एसडीओपी शिव प्रताप सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी कि सुआ गांव में अफीम की खेती की जा रही है। पौधे भी तैयार हो गए हैं। तहसीलदार के साथ संयुक्त टीम ने खेत पहुंचकर उन पौधे को उखाड़कर जब्त कर लिया है। अफीम का वजन लगभग 1 कुंटल 63 किलो है। कीमत लगभग 50 हजार बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी पर नारकोटिक्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।