
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के बयान कि दिग्विजय सिंह को भोपाल से चुनाव लड़ना चाहिए पर कांग्रेस नेता दिग्विजय ने कहा, मैं नरेंद्र मोदी के खिलाफ लड़ने को तैयार हूं। लेकिन पार्टी ने मुझे यहां (राजगढ़) से चुनाव लड़ने के लिए कहा है।
मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह लोकसभा चुनाव 2024 के लिए लगभग 33 साल के बाद राजगढ़ लोकसभा सीट से मैदान में हैं, जिसकी घोषणा दिग्विजय सिंह ने स्वयं राजगढ़ जिले में की है। उसके बाद राजनीतिक चर्चाएं जोरों पर हैं और भारतीय जनता पार्टी भी कटाक्ष करने से पीछे नहीं हट रही है।
राजगढ़ लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने को लेकर उनकी घोषणा के पश्चात प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कटाक्ष करते हुए कहा था कि कांग्रेस को चुनाव लड़ने के लिए उम्मीदवार नहीं मिल रहे हैं। इसलिए दिग्विजय सिंह को चुनावी मैदान में उतारा गया है, जबकि उन्हें भोपाल से चुनाव लड़ना था।सीएम मोहन यादव की उक्त प्रतिक्रिया को लेकर मीडिया के द्वारा जब पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि मैं तो पीएम नरेंद्र मोदी के खिलाफ लड़ने के लिए तैयार हूं। शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ लड़ने के लिए तैयार हूं, पार्टी ने कहा है यहां से लड़ो तो यहां से लड़ रहे हैं।
गौरतलब है कि पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह राजगढ़ में आयोजित कांग्रेस के कार्यक्रम में मंच से स्वयं के नाम की घोषणा के साथ-साथ यह भी कह चुके हैं कि मैं तो चाहता था कि स्थानीय नेता चुनाव लड़े। लेकिन पार्टी ने कहा है कि मुझे लड़ना है, पार्टी का आदेश है, जिसे हमें मानना पड़ता है। उनकी इसी घोषणा के पश्चात से क्रिया-प्रतिक्रिया का दौर प्रारंभ हुआ और सीएम मोहन यादव ने दिग्विजय सिंह पर कटाक्ष किया, जिसके जवाब में दिग्विजय सिंह ने कहा कि वे तो पीएम मोदी और शिवराज के खिलाफ भी चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं।