
भाजपा पार्षद देवेंद्र सिंह राठौड़ का कहना है कि लगातार नगर निगम अधिकारियों से शिकायत करने के बाद भी कोई समस्या का हल नहीं हो पा रहा है। आम लोग सीवर की समस्या से काफी परेशान हैं। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में भी शिकायत कर रखी है, लेकिन उसका भी कोई निराकरण नहीं हो पा रहा है।
ग्वालियर में लगातार खुले हुए सीवर चैंबर और उफनाते सीवर को लेकर लोग काफी परेशान हैं। ऐसे में भाजपा के पार्षद ने अपनी ही सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सीवर की समस्या के चलते वार्ड क्रमांक 15 के पार्षद देवेंद्र राठौड़ ने खुद सीवर चैंबर में उतरकर सफाई की। भाजपा पार्षद चेंबर में उतरे और उसके बाद उसे साफ भी किया। इसके वीडियो वायरल हो रहे हैं।
भाजपा पार्षद देवेंद्र सिंह राठौड़ का कहना है कि लगातार नगर निगम अधिकारियों से शिकायत करने के बाद भी कोई समस्या का हल नहीं हो पा रहा है। आम लोग सीवर की समस्या से काफी परेशान हैं। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में भी शिकायत कर रखी है, लेकिन उसका भी कोई निराकरण नहीं हो पा रहा है। आए दिन वार्ड के लोग नगर निगम के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इसलिए आज उन्हें खुद सीवर साफ करने के लिए उतरना पड़ा। उनका आरोप है के कई बार ठेकेदार से भी कह चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है और लोग काफी परेशान हैं। अपने वार्ड के लोगों की जिम्मेदारी लेने के लिए उन्हें यह कदम उठाना पड़ा है।
भाजपा पार्षद देवेंद्र सिंह राठौड़ ने चेंबर में उतरकर सीवर के पानी को साफ किया और पार्षद का साथ वार्ड के सभी लोगों ने दिया और उनके साथ सीवर की सफाई करवाई। आम लोगों ने बताया कि पिछले कई महीनों से सीवर की समस्या को झेल रहे हैं। सीवर फुल होने के कारण गंदा पानी घरों तक पहुंच रहा है। इसके कारण घर से लेकर बाहर तक बदबू फैल रही है और बीमारी की आशंका है। इसके चलते कई बार नगर निगम में शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो पा रही है।