
सिविल लाइन थाना प्रभारी एलएल उईके ने बताया कि सुसाइड नोट में मृतक ने कर्ज और पैसों के लेन-देने की बात लिखी है। सुसाइड नोट में तीन लोगों का नाम लिखे हैं, जिनसे परेशान होकर आत्महत्या करने की बात सामने आ रही है। मामले की जांच की जा रही है।
सागर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ग्राम सिरोंजा में 4 जून को शिक्षक पति ने पत्नी के आत्महत्या के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि दंपति ने कर्ज और सूदखोरों से परेशान होकर आत्महत्या की है। उनके पास मिले सुसाइड नोट में तीन लोगों के नाम लिखे हैं, जिन पर पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कर लिया है। साथ ही पुलिस ने सुसाइड नोट जांच के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार शासकीय शिक्षक रामविशाल पिता धरमदास शुक्ला (54) मूल निवासी वार्ड क्रमांक 12 ग्राम केसली और उनकी पत्नी वंदना शुक्ला (48) केसली में रहते थे। उनका सागर के सिरोंजा में भी एक मकान था। हालांकि, कुछ समय पहले उन्होंने यह मकान बेच दिया था। लेकिन, उस मकान का एक कमरा अपने लिए रखा था। जहां वह कभी-कभार आकर रूकते थे। सोमवार सुबह करीब 7.30 बजे शिक्षक रामविशाल शुक्ला पत्नी वंदना के साथ बाइक पर सवार होकर केसली से सागर आए थे। दोनों सागर के सिरोंजा स्थित मकान पर पहुंचे। जिसके बाद वह अंदर गए और फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
इसी बीच केसली से मृतक दंपती के परिवार के लोग लगातार फोन लगा रहे थे। लेकिन, फोन रिसीव नहीं हो रहा था। संदेह होने पर घर के सदस्य मंगलवार सुबह सागर पहुंचे और सिरोंजा स्थित मकान पर जाकर देखा तो पीछे के दरवाजे खुले थे। अंदर से दुर्गंध आ रही थी। घर में पहुंचे तो दंपति अलग-अलग फंदे पर झूल रहे थे। मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को फंदे से नीचे उतारा। पंचनामा बनाकर शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजे गए। पीएम कराकर दंपती के शव परिवार वालों को सौंप दिए गए थे।
मृतक शिक्षक रामविशाल शुक्ला जिले के ग्राम जनकपुर में प्राथमिक शाला में पदस्थ थे। पुलिस को मृतक दंपती के पास से एक सुसाइड मिला था। सिविल लाइन थाना प्रभारी एलएल उईके ने बताया कि सुसाइड नोट में मृतक ने कर्ज और पैसों के लेन-देने की बात लिखी है। सुसाइड नोट में तीन लोगों योगेंद्र सिंह, महेंद्र सिंह और राजाराम गौंड का नाम लिखा है। साथ ही इनसे परेशान होकर आत्महत्या करने की बात सामने आ रही है। पुलिस सुसाइड नोट की जांच करा रही है। कुछ लोगों से पूछताछ भी की जा रही है