
पीड़ित की मां ने कहा कि हमने बहू को रखने का काफी प्रयास किया। लेकिन, वह हर बार क्लेश करके चली जाती है। बहू कहती है कि लड़के का रंग काला है, इसलिए मैं उसके साथ नहीं रहना चाहती। इसी कारण से वह घर छोड़कर कई बार जा चुकी है। हमें न्याय चाहिए।
मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में जनसुनवाई के दौरान एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। जिसमें एक पत्नी ने अपने पति को महज उसके काले रंग के लिए छोड़ दिया। इतना ही नहीं महिला अपनी डेढ़ माह की बच्ची को भी अपने ससुराल छोड़कर मायके चली गई। पति का आरोप है कि उसकी पत्नी अपने बॉयफ्रेंड के साथ रह रही है।
जानकारी के अनुसार ग्वालियर के एसपी कार्यालय में चल रही जनसुनवाई में विशाल मोगिया अपने परिवार के साथ पहुंचा। उसने महिला थाना डीएसपी किरन से मुलाकात की और बताया कि उनकी पत्नी घरवालों को प्रताड़ित करती है। उसकी शादी को एक साल से अधिक का समय हो चुका है, उनकी डेढ़ महीने की एक बेटी भी है। उनकी पत्नी 10 दिन पहले अपनी बच्ची को ससुराल में छोड़कर कहीं चली गई है। पति और उसके परिवार का कहना है कि महिला घर आकर रहे। अगर, वह साथ नहीं रहना चाहती है तो तलाक दे सकती है।
विशाल ने बताया कि पत्नी अपने मायके के दम पर उनके घर में क्लेश करती रहती है। हर समय मरने की धमकी देती है। कई बार उसने रेल की पटरी पर जाकर ट्रेन से कटने का प्रयास भी किया है। एक बार उसके पिता ने बहू को बचाने का प्रयास किया तो उनका एक्सीडेंट हो गया, जिसमें उनके हाथ पैर में भी फैक्चर हो गया था। पति का आरोप है कि पत्नी किसी और आदमी के चक्कर में अपनी बच्ची को भी छोड़ कर चली गई है।
विशाल की मां ने कहा कि हमने बहू को रखने का काफी प्रयास किया। लेकिन, वह हर बार क्लेश करके चली जाती है। बहू कहती है कि लड़के का रंग काला है, इसलिए मैं उसके साथ नहीं रहना चाहती। इसी कारण से वह घर छोड़कर कई बार जा चुकी है। अपने माता-पिता के कहने पर हर समय घर में क्लेश करती रहती है।
विशाल की मां ने कहा कि अगर, उन्हें न्याय नहीं मिला तो वह आत्मदाह कर लेंगे। डीएसपी किरण ने बताया कि परिवार का आवेदन महिला थाने में भी लगा हुआ है। जल्द ही दोनों को बुलाकर काउंसलिंग करवाई जाएगी। दोनों के बीच चल रहे विवाद को खत्म करने की कोशिश की जाएगी।