
पन्ना – देश और दुनिया में बाघों के लिए मशहूर मध्यप्रदेश के पन्ना टाइगर रिजर्व में दुनिया की सबसे उम्रदराज हथिनी ‘वत्सला’ मौजूद हैं। पीटीआर प्रबंधन इस हथिनी की उम्र 100 वर्ष से अधिक होने का दावा करता है। लेकिन, वत्सला के जन्म से संबंधित कोई दस्तावेज नहीं होने के कारण गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में इसका नाम शामिल नहीं हो सका है।
जानकारी के अनुसार आम तौर पर हाथियों की उम्र लगभग 60 से 70 वर्ष होती है। लेकिन पन्ना टाइगर रिजर्व की हथिनी ‘वत्सला’ की उम्र का दावा 100 वर्ष से अधिक का किया जाता है। पन्ना टाइगर रिजर्व में कुल 19 हाथी है। लेकिन, हथिनी वत्सला 100 वर्ष की उम्र में आज भी स्वस्थ्य है।
पीटीआर प्रबंधन ने बताया कि वत्सला हथिनी को 1971 में केरल के निलंबो फारेस्ट डीविजन से पकड़ा गया था। 1972 में इसे होशंगाबाद शिफ्ट किया गया। तब वत्सला की उम्र 50 वर्ष थी और 1993 में इसे पन्ना टाइगर रिजर्व लाया गया था। तभी से यह पीटीआर के गौरव के रूप में मौजूद हैं। हालांकि फिलहाल वत्सला की उम्र अधिक हो जाने के कारण उसे आंखों में मोतियाबिंद हो गया है। जिससे उसे कम दिखाई कम देता है।
पीटीआर की शान हैं वत्सला
पन्ना टाइगर रिजर्व की शान और देशी-विदेशी पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र हथिनी वत्सला को दुनिया में सबसे अधिक उम्र हथिनी बताया जाता है। लेकिन, अभी तक उसका नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज नहीं हुआ है।
इसकी मुख्य वजह पीटीआर कार्यालय में वत्सला का जन्म रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं होना है।जबकि पीटीआर प्रबंधन ने वत्सला की उम्र का पता लगाने के लिए उसके दांतों के सैंपल भी लैब जांच के लिए भेजे थे। लेकिन, उसमें भी सफलता नही मिल सकी। फिलहाल ताईवान की हथिनी लिंगवान के नाम दुनिया की सबसे बुजुर्ग हथिनी होने का रिकॉर्ड है।