जबलपुर की सिविल लाइन पुलिस ने 2 गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 5 किलो गांजा जब्त किया है।
आरोपी प्रयागराज और पाटन के रहने वाले हैं। जब्त किए गए गांजे की कीमत 75 हजार रुपए है। दोनों को कोर्ट में पेश कर पूछताछ के लिए रिमांड में लिया है।
ओडिशा से लाकर खपाने की तैयारी थी
बुधवार को सिविल लाइन थाना प्रभारी अनूप नामदेव को सूचना मिली थी कि दो गांजा तस्कर ओडिशा से गांजे की खेप लाकर जबलपुर के ग्रामीण क्षेत्र में खपाने की तैयारी कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही टीआई टीम के साथ रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म नंबर छह के बाहर जाकर खड़े हो गए। कुछ देर बाद रामदयाल प्रजापति (55) और लल्लन यादव हाथों में एक-एक थैला लेकर दिखाई दिए।
पुलिस घेराबंदी कर उन्हें पकड़ने लगी तो वे भागने लगे। कड़ी मशक्कत कर पुलिस ने उन्हें पकड़ा और जब चेक किया तो रामदयाल प्रजापति ने अपने दोनों पैर और पेट में गांजे के पैकेट बांध रखा था। जबकि लल्लन ने थैले में गांजा छिपाया हुआ था।
जबलपुर के ग्रामीण क्षेत्रों में बेचते थे
एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि पुलिस को लंबे समय से सूचना मिल रही थी, कि तस्कर उड़ीसा से गांजा लाकर जबलपुर के ग्रामीण क्षेत्रों में बेचा करते थे। इसके लिए इन लोगों ने बाकायदा अपने गुर्गे लगाए थे।
आरोपी से जब पुलिस ने पूछा कि पैर और पेट में गांजा छिपाकर लाने का आइडिया कैसे आया तो उसने बताया कि गांजा की तस्करी से पहले ओडिशा में क्लास लगाई जाती है। जहां पर सब सिखाया जाता है। पुलिस अब इनके अन्य साथियों की तलाश में जुटी हुई है।