सागर जिले में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के प्रयासों के तहत बुधवार को जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) अरविंद जैन ने बंडा विकासखंड के कई शासकीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया।उन्होंने भेड़ाखास, चौका, भड़राना, गड़र और छापरी गांव के स्कूलों का जायजा लिया।
एकीकृत शासकीय हाईस्कूल भेड़ाखास में निरीक्षण के दौरान प्राथमिक शिक्षक आर.डी. अहिरवार, अतिथि शिक्षक मयंक जैन, शनि जैन और रानी द्विवेदी अनुपस्थित मिले।विद्यालय में छात्रों की उपस्थिति भी नहीं थी।उपस्थिति पंजी में 10 से 12 नवंबर तक के हस्ताक्षर नहीं पाए जाने पर प्रभारी प्राचार्य हरगोविंद रावत को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
चौका स्कूल में मवेशी घूमते मिले एकीकृत शासकीय माध्यमिक शाला चौका में प्रभारी प्रधानाध्यापक आशीष कुमार जैन सहित पांच शिक्षक अनुपस्थित पाए गए।विद्यालय के मुख्य द्वार पर दरवाजा नहीं होने से परिसर में मवेशी विचरण करते मिले।छात्र भी स्कूल में उपस्थित नहीं थे।इस पर प्रभारी प्रधानाध्यापक को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया।
भड़राना व गड़र स्कूल में मिली अनियमितता भड़राना स्कूल में माध्यमिक शिक्षक संजय उपाध्याय की उपस्थिति पंजी में हस्ताक्षर नहीं मिले।शिक्षक महेन्द्र कुमार जैन अवकाश पर पाए गए।वहीं गड़र स्कूल में गंदगी और साफ-सफाई की कमी मिलने पर प्रभारी प्राचार्य प्रभात गुप्ता को नोटिस जारी किया गया।
छापरी स्कूल संचालित मिला छापरी के शासकीय हाईस्कूल में शिक्षण कार्य संचालित पाया गया। यहां माध्यमिक शिक्षक रेखा साहू आकस्मिक अवकाश पर थीं।
कलेक्टर संदीप जी.आर. के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी ने अनुपस्थित लोक सेवकों का एक दिन का वेतन काटने और एक वेतन वृद्धि असंचयी प्रभाव से रोकने की कार्रवाई की है।साथ ही अनुपस्थित अतिथि शिक्षकों की सेवाएं समाप्त करने की प्रक्रिया भी प्रस्तावित की गई है।