
मध्य प्रदेश कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष विधायक नितेन्द्र सिंह राठौर ने गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पहुंचकर प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष संगठन प्रभारी राजीव सिंह, प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक की उपस्थिति में पदभार ग्रहण किया। विधायक राठौर के साथ कांग्रेस सोशल मीडिया के नवनियुक्त स्टेट कॉर्डिनेटर अभिनव बरोलिया, चंचलेश व्यास, असद खान और अपूर्व भारद्वाज ने भी पदभार ग्रहण किया।
पब्लिक के मुद्दे सोशल मीडिया के जरिए जिम्मेदारों तक पहुंचाएं
राठौर बोले- मप्र कांग्रेस का सोशल मीडिया प्रदेश की जनता की सशक्त आवाज बने। प्रदेश में लगातार भ्रष्टाचार, अत्याचार और उत्पीड़न की घटनाएं सामने आ रहीं हैं। इसमें सोशल मीडिया का महत्वपूर्ण योगदान है। सरकार और प्रशासन जिन मुद्दों को दबाने-छिपाने में लगा है। वे जैसे ही कांग्रेस के सोशल मीडिया के सिपाहियों के संज्ञान में आएं उनका सत्यापन करने के बाद सोशल मीडिया के माध्यम से जिम्मेदारों को जगाने का काम करें। ये रहे मौजूद
इस अवसर पर मप्र महिला कांग्रेस की अध्यक्ष विभा पटेल, कांग्रेस पदाधिकारीगण डॉ. महेन्द्र सिंह चौहान, भूपेन्द्र गुप्ता, रवि सक्सेना, तनय अग्रवाल, अवनीश बुंदेला, आनंद जाट, जितेन्द्र पाल सिंह राजा, मिथुन अहिरवार, राहुल राठौर सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित थे।
निवर्तमान चेयरमेन की गैरमौजूदगी पर बीजेपी ने कसा तंज
नितेन्द्र सिंह राठौर के पदभार ग्रहण करने पर निवर्तमान चेयरमेन अभय तिवारी के ना रहने पर बीजेपी प्रवक्ता नरेन्द्र सलूजा ने X पर लिखा- मध्यप्रदेश में कांग्रेस की अजीबोगरीब स्थिति चल रही है। पूर्व में जब जीतू पटवारी मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बने थे, तब उन्होंने बगैर कमलनाथ जी के ही पदभार ग्रहण किया था। यही स्थिति मध्यप्रदेश युवक कांग्रेस के अध्यक्ष के पदभार ग्रहण के समय भी हुई थी। विक्रांत भूरिया, मितेन्द्र सिंह के पदभार ग्रहण समारोह से ग़ायब थे। और आज मध्यप्रदेश कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग में भी यही हुआ। नये अध्यक्ष नितेन्द्र सिंह ने, निवर्तमान अध्यक्ष की अनुपस्थिति में भी पदभार ग्रहण किया। हटाये जाने वाले, नये को बधाई देना तो दूर, उनको चार्ज सौपने तक भी नहीं आ रहे हैं। बेचारे ख़ुद ही हाथो में गुलदस्ता पकड़कर फोटो खिंचा रहे है और लिख रहे है कि चार्ज ले लिया।