
उप मुख्यमंत्री एवं शहडोल जिले के प्रभारी मंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने बाणसागर डूब क्षेत्र में सरसी (ब्योहारी) आइलैंड शहडोल स्थित मध्य प्रदेश टूरिज्म रिसॉर्ट का भ्रमण कर विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा, मध्य प्रदेश में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं. इस दिशा में चल रहे प्रयासों से भविष्य में राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने अधिकारियों को सरसी आईलैंड रिसॉर्ट में कमरों एवं अन्य सुविधाओं का विस्तार करने के निर्देश दिये ताकि यहां अन्य कार्यक्रम भी आयोजित किये जा सकें। उन्होंने सरसी (ब्योहारी) द्वीप की पर्यटन संभावनाओं पर भी जन-प्रतिनिधियों और अधिकारियों से चर्चा की। विधायक ब्यौहारी श्री शरद कोल, डीआइजी श्रीमती सविता सुहाने, पुलिस अधीक्षक कुमार प्रतीक, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री राजेश जैन एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।