
हमारे देश और प्रदेश की पहचान दूध और दही की नदियों से होती थी। हम केवल गौशाला नहीं खुलवा रहे घर-घर दूध का उत्पादन बढ़ाने का काम कर रहे हैं। अब 10 गाय से ज्यादा हो रखेगा, सरकार उसे अनुदान होगी। ताकि आप गौमाता को पालो-पोसो आमदनी बढ़ाओ। जैसे गेहूं, धान पर बोनस देते हैं, उसी प्रकार से दूध खरीदने पर सरकार बोनस देने वाली है। खेती से किसान की आमदनी हो रही अब पशुपालन को भी बढ़ाना है। यह बात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बीना में लाड़ली बहना योजना की सितंबर माह की राशि एवं सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि अंतरण के कार्यक्रम में कही।
मुख्यमंत्री ने कहा हमारे विरोधी जब देखो तब कहते हैं लाड़ली बहना बंद हो जाएगी। हमने कहा तुम कहते रहो, हम देते रहेंगे। अरे बहनों को दे रहे हैं, हमको क्या तकलीफ है। इसीलिए सावन महीने में 250 रुपए अतिरिक्त दिए थे। 1250 पर रुकने वाले नहीं हैं। यह गाड़ी और बढ़ेगी, जो-जो बहनें अपना कामकाज करते हुए अपनी पहचान बनाएंगी, इन बहनों के लिए हम योजना बना रहे हैं। आने वाले समय में इनको 2 हजार, 3 हजार, 5 हजार रुपए महीना भी देना पड़े तो हमारी सरकार देगी। ताकि उनके जीवन में बदलाव आए। बदलते दौर में सागर अब किसी हालत में इंदौर-भोपाल से पीछे रहने वाला नहीं है।
हमारे यहां किस बात की कमी है। आने-जाने के मार्ग अच्छे हो गए हैं। रेल मार्ग अच्छे हो गए हैं। बहुत जल्दी मध्यप्रदेश पूरे देश के अंदर एयर कार्गो लाने वाली है। हमारे यहां हवाई यातायात के माध्यम से दुनिया में व्यापार व्यवसाय के लिए मध्यप्रदेश वो केंद्र बनने वाला है, जहां ये सुविधा हमारे माध्यम से मिलने वाली है। उन्होंने कहा बीना में ऐरण महोत्सव मनाया जाएगा। बुंदेलखंड मं आईटी पार्क भी बनेगा।