
केंद्रीय सामाजिक न्याय मंत्री वीरेंद्र खटीक ने रविवार को पूर्व मंत्री मानवेंद्र सिंह पर पलटवार करते हुए उन्हें खुली चेतावनी दी है। केंद्रीय मंत्री खटीक ने अपने ऊपर लगे आरोपों पर कहा- आरोप लगाने वालों को कोई रोक नहीं सकता, लेकिन मैं उन्हें खुली चुनौती देता हूं, वह एक आरोप सिद्ध करके बता दें, मैं हर तरह की सजा भुगतने तैयार हूं। वह (मानवेंद्र सिंह) राजनीति में स्वयं के लिए आए हैं उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय को, एकात्म मानववाद को नहीं पढ़ा। हम तो हर चौराहे पर चर्चा करने तैयार है। उनसे मेरा कहना है कि पहले वह एकात्म मानववाद को पंडित दीनदयाल उपाध्याय को समझें। जिस पूंजीवाद और एकात्म मानववाद की कल्पना उन्होंने की थी उस पर एक पन्ने की बहस तो हमसे कर लें, फिर हम पर आरोप लगाए।
मंत्री खटीक ने कहा- मेरा जीवन खुली किताब है। 29 साल हो गए जिसमें चार बार सागर से और चौथी बार यहां से सांसद हूं। एक व्यक्ति को तकलीफ केवल इसलिए हो रही है कि वो वहां जो अवैध कारोबार कर रहे थे मैंने उन्हें रुकवाया है। उससे तड़पकर इस तरह के अनर्गल आरोप लगा रहे। मैं केवल उनको नहीं उनके पूरे खानदान को चुनौती देता हूं कि पूरा खानदान और उनके जितने रिश्तेदार हैं एक आरोप सिद्ध करके बता दें। और अब जब मुझे उन्होंने छेड़कर बर्रैया के छत्ते में हाथ डाला है तो फिर आरोप लगाने वालों को तैयार रहना चाहिए। दरअसल, केंद्रीय मंत्री खटीक आज (15 सितंबर) को दमोह प्रवास पर पहुंचे थे। जहां उन्होंने बीजेपी कार्यकर्ताओं से मुलाकात किया। इसके श्रमदान कर वृद्धा आश्रम भी गए।
ये है पूरा मामला
दरअसल, कल (14 सितंबर) को छतरपुर में पूर्व मंत्री मानवेंद्र सिंह भवर राजा और भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला मंत्री लाल दीवान अहिरवार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि जो व्यक्ति अपराधी है। मर्डर जैसे केस हैं, कई अपराध दर्ज है। इन्होंने शासकीय जमीन में मकान बना रखा हैं, बूथ कैपचरिंग और खनन के आरोप हैं, ऐसे युवक लोकेन्द्र सिंह को केंद्रीय मंत्री और सांसद वीरेंद्र कुमार खटीक ने अपना प्रतिनिधि बना रखा है। ऐसे अपराधियों को अगर केंद्रीय मंत्री संरक्षण देंगे तो क्षेत्र में अपराध बढ़ेंगे।
भाजपा के पूर्व मंत्री मानवेंद्र सिंह ‘भवर राजा’ ने केंद्रीय मंत्री डॉ.वीरेंद्र कुमार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। दरअसल, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला मंत्री लाल दीवान अहिरवार ने पूर्व मंत्री भवर राजा से शनिवार को शिकायत की थी। इसकी शिकायत प्रधानमंत्री और क्षेत्रीय विधायक कामाख्या प्रताप सिंह से करने की बात कही है। बता दें कि विधायक कामाख्या प्रताप सिंह पूर्व मंत्री मानवेंद्र सिंह के बेटे हैं।
पूर्व मंत्री ने कहा था- प्रशासन कार्रवाई करे, चाहे वह किसी पार्टी का हो
पूर्व मंत्री भवर राजा ने कहा था- शिकायतकर्ता (लाल दीवान अहिरवार) ने मुझे अपनी व्यथा बताई है और ऊपर भी शिकायत भेजी है। मेरे पास आए थे इसलिए प्रेस कॉन्फ्रेंस रखी। यह व्यक्ति शासकीय योजनाओं में दखलअंदाजी देता है। यह व्यक्ति क्षेत्रीय विधायक के काम में दखलअंदाजी देता है। शिकायतकर्ता ने जो कहा है वह सही है। प्रशासन को कार्रवाई करना चाहिए चाहे वह किसी भी पार्टी का हो।
केंद्रीय मंत्री खटीक ने खनिज अफसर को लगाई थी फटकार
27 अगस्त को जनसुनवाई के दौरान केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार खटीक ने BJP नेता लोकेंद्र सिंह की शिकायत पर खनिज अधिकारी को फटकार लगाई थी। इसी लोकेंद्र सिंह को अपना प्रतिनिधि बनाने पर भाजपा नेताओं ने केंद्रीय मंत्री खटीक पर सवाल उठाए है।