
सागर के रहली विकासखंड की ग्राम पंचायत छिरारी में अंत्येष्टि सहायता राशि देने में देरी करने पर पंचायत सचिव को निलंबित किया गया है। गुरुवार को कलेक्टर संदीप जीआर ने निलंबन आदेश जारी किया है।
आदेश में बताया गया कि ग्राम पंचायत छिरारी की सुनीता अहिरवार के पति बलराम अहिरवार का 9 अक्टूबर को निधन हो गया था। लेकिन ग्राम पंचायत सचिव महेंद्र प्रजापति ने 7 दिन बीतने के बाद भी परिवार को अंत्येष्टि सहायता राशि 5 हजार रुपए का भुगतान नहीं किया।
मामले की शिकायत मिलते ही कलेक्टर ने संज्ञान लिया। अंत्येष्टि सहायता राशि का भुगतान करने में लापरवाही बरतने पर ग्राम पंचायत छिरारी के सचिव महेंद्र प्रजापति को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। मामले में कलेक्टर के निर्देश पर प्रशासन के अधिकारी व कर्मचारी ग्राम छिरारी पहुंचे। जहां मृतक बलराम की पत्नी सुनीता अहिरवार को अंत्येष्टि सहायता राशि के रूप में 5 हजार रुपए का भुगतान कराया गया है।