
उत्तर प्रदेश का एक युवक पैदल भारत भ्रमण का जज्बा लेकर निकला है, जिसका सपना माउंट एवरेस्ट की चोटी पर तिरंगा फहराना है। रविवार को गौरव मालवीय हटा के मडियादो पहुंचा, जहां उसने अपने इस संकल्प के बारे में जानकारी दी। 2 लाख 74 हजार किमी की दूरी तय करने का लक्ष्य लेकर यह युवक पिछले 38 महीनों में 48 हजार किमी की यात्रा पूरी कर चुका है।
गौरव मालवीय उत्तर प्रदेश के ग्राम रामसहायपुर तहसील सारथु जिला कौशांबी का निवासी है। उसका लक्ष्य 2029 तक संपूर्ण भारत भ्रमण कर विश्व की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट पर भारतीय तिरंगा फहराना और गिनीज वर्ल्ड बुक में नाम दर्ज कराकर देश का नाम रोशन करना है।
38 महीने में 13 राज्यों का भ्रमण
गौरव ने गूगल मैप की सहायता से 13 नवंबर 2021 को भारत भ्रमण की शुरुआत की। वह उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लेह-लद्दाख, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, उत्तराखंड, राजस्थान सहित मध्य प्रदेश का भ्रमण कर चुका है। 13 राज्यों की यात्रा के दौरान गौरव 1820 चिन्हित स्थलों पर पहुंच चुका है। वर्तमान में वह भारत के प्रसिद्ध स्थल बागेश्वर धाम से ओरछा तक शुरू हो रही पदयात्रा में शामिल होने के लिए पैदल बागेश्वर धाम जा रहा है। गौरव प्रतिदिन 35 से 40 किमी की यात्रा करता है।
पर्यावरण के प्रति जागरूकता
गौरव का संकल्प भारतीयों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करना भी है। यह युवक रास्ते में पड़ने वाली नर्सरी से पौधे खरीदकर लोगों को बांटता है। साथ ही, उसने यह भी संकल्प लिया है कि 2029 के बाद वह अपने गृह ग्राम में एक लाख पौधे रोपित कर एक बड़ा प्लांटेशन तैयार करेगा।
देश के कोने-कोने से मिट्टी जोड़ रहा
गौरव प्रत्येक राज्य के प्रसिद्ध तीर्थ और धार्मिक स्थलों से मिट्टी जोड़ रहा है। वह भारत के विभिन्न हिस्सों से लाई गई मिट्टी से अपने गांव में एक मंदिर निर्माण करना चाहता है।
गौरव मालवीय ने कहा
‘मेरा सपना भारतीय सेना में जाना था, जो कुछ कारणों से पूरा नहीं हो सका। अब मेरा लक्ष्य 2 लाख 74 हजार किमी की पैदल यात्रा कर 2029 में माउंट एवरेस्ट की चोटी पर भारतीय तिरंगा फहराना और गिनीज वर्ल्ड बुक में नाम दर्ज कराना है। इसके साथ ही, पर्यावरण संरक्षण के लिए एक लाख पौधे लगाने का संकल्प भी लिया है।’