
पन्ना जिले की महिला सरपंच ने रविवार शाम छतरपुर-पन्ना बॉर्डर पर मौजूद केन नदी पुल से छलांग लगा कर आत्महत्या करने की कोशिश की। महिला पन्ना के गुनौर तहसील क्षेत्र के वमुराह गांव की सरपंच हैं। नदी में छलांग लगाते देख राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी।
इसके बाद मढ़ला और चंद्रनगर चौकी पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से महिला को पानी से बाहर निकालकर इलाज के लिए छतरपुर जिले के चंद्रनगर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर आए। जहां महिला का इलाज जारी है। महिला ने बताया कि मेरा नाम शीला दहायत है और मैं सरपंच हूं। पति बात नहीं मानता था तो टेंशन में थी। इसके चलते गुस्से में कूद गई। वहीं महिला के पति और लड़के कुछ भी कहने से बच रहे हैं।
महिला सरपंच बोली पति नहीं मानते बात
मीडिया से महिला ने काफी देर में बताया कि पति से परेशान होकर उसने आत्महत्या करने की कोशिश की है। महिला बोली पति बात नहीं मानता हैं। तो टेंशन में आकर यह कदम उठाया। महिला का नाम शीला दहायत और वह गुनौर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत वमुराह की वर्तमान सरपंच है।
मीडिया को देख भड़का पति
जब महिला के पति बाबूलाल से पूछने की कोशिश की गई तो वह फोटो और वीडियो बनाने से मना करने लगा और कुछ भी बोलने से बचने लगा। पति नाराज हो गया और उल्टा मीडिया के सवालों से बचकर मीडियाकर्मियों पर ही भड़क गया। वहां अस्पताल से बाहर भाग गया। अस्पताल में मौजूद महिला के बेटे ने बताया कि मेरी मां सरपंच और इसके आगे कुछ भी कहने से मना कर दिया। वहां से निकाल गया।
कार्यक्रम में महिला को नहीं ले गए थे साथ
बमीठा थाना प्रभारी मोहर सिंह सिकरवार ने बताया कि महिला के डूबने की खबर मिली थी। पुलिस प्रशासन ने महिला को राहगीरों की मदद से बचाया और स्वास्थ केन्द्र में भर्ती कराया। इसके बाद डॉक्टर ने महिला को जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।
पुलिस ने बताया कि एक कार्यक्रम में परिवार वाले अकेले चले गए थे और महिला को नहीं ले गए थे, जिससे वह नाराज थी। इसके बाद महिला केन नदी के पुल पर आ गई और वहीं से कूद गई या फिर उसे किसी ने धक्का दिया हैं। इसकी जांच की जा रही है, फिलहाल महिला का इलाज जारी है।