
दमोह के जबलपुर नाका स्थित शिवनगर कॉलोनी में मंगलवार से शुरू हुए जैन धर्म के पंचकल्याणक गजरथ उत्सव के शुभारंभ से पहले शहर में शोभा यात्रा निकाली गई। इसमें सबसे आगे गजरथ पर प्रमुख यजमान और दर्जनों बग्घियों पर इंद्राणी सवार थीं। शोभायात्रा में विशेष रूप जैन समाज की मातृ शक्तियों की मौजूदगी देखी गई। धार्मिक गीतों पर समाज के युवा नाचते-गाते हुए चल रहे थे। सिरों पर कलश रखकर सैकड़ों की संख्या में महिलाएं शोभायात्रा में चल रही थीं।
यह शोभायात्रा शहर के धगट चौराहा, घंटाघर, अस्पताल चौराहा, कीर्ति स्तंभ, बेलाताल, जबलपुर नाका होते हुए शिवनगर कॉलोनी पहुंची, जहां धार्मिक अनुष्ठान की शुरुआत हुई। इसमें कई जैन संत भी शामिल थे, जिनकी अगुआई में यह पूरा धार्मिक अनुष्ठान होगा। यह धार्मिक अनुष्ठान 9 दिसंबर तक चलेगा।