
स्कूल शिक्षा विभाग के तत्वावधान में 68वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ सागर में 9 दिसंबर सोमवार को किया जा रहा है। प्रतियोगिता सिटी स्टेडियम में रखी गई है।जिसका शुभारंभ सुबह 11 बजे किया जाएगा। प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में महापौर संगीता तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गौरव सिरोठिया, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार शामिल होंगे। जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद जैन ने बताया की संपूर्ण प्रतियोगिता के लिए प्राचार्य डॉ. महेंद्र प्रताप तिवारी के लिए नोडल अधिकारी बनाया गया है।
डॉ. महेंद्र प्रताप तिवारी ने बताया कि प्रतियोगिता में 580छात्र-छात्राएं और 80 से अधिक अधिकारी और कर्मचारी शामिल होंगे। मध्य प्रदेश के 10 संभागों से खिलाड़ी सागर आ रहे हैं। जिसके रुकने के लिए मलैया मैरिज गार्डन, जैन हाई स्कूल, शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, तक्षशिला स्कूल, टैगोर निकेतन स्कूल में व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि 68वीं राज्य स्तरीय शालेय कीड़ा प्रतियोगिता में क्रिकेट और कूड़ो प्रतियोगिताएं खेली जाएंगी। जिसमें कूड़ो प्रतियोगिता में 14 वर्ष, 17 वर्ष, 19 वर्ष के छात्र-छात्राएं खेलेंगे। जबकि क्रिकेट प्रतियोगिता में 19 वर्ष की छात्र-छात्राएं हिस्सा लेंगी।
सिटी स्टेडियम, आर्मी स्कूल में होंगे खेल
जिला शिक्षा अधिकारी जैन ने बताया कि क्रिकेट प्रतियोगिता नगर निगम के सिटी स्टेडियम, डॉ. हरि सिंह गौर विश्वविद्यालय खेल मैदान और डीपीएस स्कूल खुरई रोड सागर में खेल खेले जाएंगे। कूड़ो प्रतियोगिता आर्मी स्कूल सागर में होंगी। खेलों को संपन्न करने के लिए 16 समितियां का गठन किया गया है। जिनके प्रभारी संबंधित प्राचार्य और शिक्षक खेल अधिकारी होंगे।
जिला क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी के माध्यम से बसों की व्यवस्था की जा रही है। इसी प्रकार मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के द्वारा सभी खेल मैदान और आवास परिसरों में डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ, एंबुलेंस के साथ पूरे समय मौजूद रहेंगे।