
वेयरहाउस की जांच करते हुए अधिकारी।सागर में जिला प्रशासन कालाबाजारी करने वालों पर कार्रवाई कर रहा है। इसके तहत जिला प्रशासन की टीम ने रविवार को ढाना के शारदा वेयर हाउस का निरीक्षण किया। जांच के दौरान वेयरहाउस में कई अनियमितताएं मिलीं। जिस पर कार्रवाई करते हुए वेयरहाउस को सील कर दिया गया।
कार्रवाई में डिप्टी कलेक्टर विजय डेहरिया, डिप्टी कलेक्टर नवीन सिंह ठाकुर, नायब तहसीलदार महेश दुबे समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। डिप्टी कलेक्टर विजय डेहरिया ने बताया कि जिले के वेयरहाउस, सोयाबीन खरीदी केंद्र, खाद वितरण केंद्र, खाद्यान्न की दुकानों का कलेक्टर के निर्देश पर निरीक्षण किया जा रहा है। गड़बड़ी करने पर उन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसी के तहत शारदा वेयरहाउस ढाना सेमरा अंगद का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में सोयाबीन की प्रत्येक बोरी का वजन 50 किलो 700 ग्राम होना चाहिए था। लेकिन वेयरहाउस में किसी बोरी का वजन 46 किलोग्राम तो किसी बोरी का वजन 51 किलोग्राम पाया गया।
4 हजार क्विंटल ज्यादा मिला सोयाबीन
साथ ही वहां खरीदी के संबंध में डिटेल नहीं पाई गई, बोरियों में छापे भी नहीं लगे थे। वेयर हाउस में लगभग 18000 क्विंटल सोयाबीन रखा है। जबकि, बिलिंग 14000 क्विंटल की पाई गई। इस प्रकार वेयरहाउस में 4 हजार क्विंटल अतिरिक्त सोयाबीन रखा पाया गया। जिसका कोई रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं था।
वेयर हाउस के अंदर फायर सेफ्टी उपकरण भी नहीं पाए गए। जांच में मिली अनियमितताओं के कारण वेयरहाउस को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया है।