
जनवरी में दूसरी बार कड़ाके की ठंड से सागर ठिठुर गया है। बर्फीली हवाएं चलने से पिछले 48 घंटों में दिन और रात के तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। रात के साथ ही दिन में भी कंपकपा देने वाली सर्दी पड़ रही है। बुधवार सुबह से सागर में हल्का कोहरा छाया रहा। हवाएं चलने से वातावरण में ठिठुरा देने वाली ठंड रही। दोपहर के समय धूप के बीच भी हवाएं चलने से ठंड का असर रहा।
इस दौरान अधिकतम तापमान 23.7 डिग्री और न्यूनतम पारा 7.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग की मानें तो आगामी 3 दिनों तक जिले में कड़ाके की ठंड का दौर जारी रहेगा। इस दौरान पारे में गिरावट दर्ज की जाएगी। शीतलहर भी चलने का अनुमान है।
10 जनवरी के बाद बदलेगा मौसम, छा सकते हैं बादल
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ की एक्टिविटी के बाद सर्द हवाओं की रफ्तार बढ़ गई है। जिसके असर से प्रदेश समेत सागर में ठंड का असर बढ़ा है। आगामी 10 जनवरी तक सर्द हवाओं का असर बना रहेगा। जिसके बाद मौसम में एक बार फिर बदलाव होगा और बादल छाने का अनुमान है।
पिछले 5 दिनों का तापमान
दिन का पारा | रात का पारा | |
बुधवार | 23.7 | 7.1 |
मंगलवार | 26.4 | 8.9 |
सोमवार | 26.4 | 11.0 |
रविवार | 24.7 | 13.0 |
शनिवार | 27.4 | 12.5 |