
वेदर सिस्टम सक्रिय होने से सागर में इस समय मौसम में बदलाव का सिलसिला जारी है। इस दौरान कभी बादल छा रहे हैं तो कभी धूप खिल रही है। जिससे दिन और रात के तापमान में उतार-चढ़ाव देखने मिल रहा है।
मंगलवार को मकर संक्रांति पर्व के दिन सुबह से कोहरा छाया रहा। 9 बजे के बाद धूप खिली। धूप निकलने से लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिली, हालांकि सर्द हवाएं चलने से वातावरण में ठिठुरन बरकरार रही। इस समय दिन का तापमान 21 डिग्री और न्यूनतम पारा 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास है।
मौसम विभाग के अनुसार, 14 जनवरी से एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसका असर 15 और 16 जनवरी को देखने मिलेगा। सिस्टम गुजरने के बाद 17 जनवरी से एक बार फिर सर्दी का असर बढ़ने का अनुमान है। वहीं सागर संभाग में आगामी 48 घंटों में कुछ स्थानों पर बुंंदाबांदी हो सकती है।
पिछले साल की अपेक्षा इस बार ज्यादा सर्दी
सागर में मकर संक्रांति पर पिछले साल की अपेक्षा इस बार ज्यादा ठंड है। कोहरे का भी असर रहा। लेकिन, पिछले साल 2024 में मौसम साफ होने और तेज धूप निकलने से दिन के समय लोगों को गर्मी का अहसास होने लगा था। इस बार कोहरा और सर्द हवाओं के कारण वातावरण में ठिठुरन है।
2024 में ऐसी रही पारे की चाल
- 10 जनवरी- 18.2/12.2
- 11 जनवरी- 24.7/12.0
- 12 जनवरी- 26.5/9.7
- 13 जनवरी- 28.3/10.8
2025 में तापमान की स्थिति
- 13 जनवरी- 21.8/11.3
- 12 जनवरी- 23.6/13.2
- 11 जनवरी- 25.5/11.1
- 10 जनवरी- 24.8/10.9