
विजयादशमी पर्व पर 2 अक्टूबर गुरुवार को सागर के पीटीसी ग्राउंड में रावण दहन का आयोजन होगा। कार्यक्रम शाम 7 बजे से शुरू होगा। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत शामिल होंगे। आयोजन के लिए 51 फीट ऊंचे रावण के पुतले का निर्माण किया जा रहा है।
कार्यक्रम में शाम 6 बजे से राधे-राधे संकीर्तन मंडल द्वारा भजन और नृत्य की प्रस्तुतियां होंगी। इसके बाद सतरंगी आतिशबाजी के बीच रावण दहन किया जाएगा।
नगर निगम की तैयारियां
नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री ने बताया कि स्थल पर प्रकाश व्यवस्था, टेंट, मंच, फ्लेक्स, चूना लाइन, सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग, साफ-सफाई, फायर ब्रिगेड और पानी की व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अलग-अलग दायित्व सौंपे गए हैं।
सुरक्षा और कानून व्यवस्था
कलेक्टर संदीप जीआर के निर्देश पर कार्यक्रम स्थल और शहर में शांति व कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्यपालिक दंडाधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। कजलीवन मैदान और झांसी बस स्टैंड क्षेत्र की निगरानी के लिए नायब तहसीलदार संगीता सिंह को तैनात किया गया है। वे आयोजन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करेंगी।