
रविवार को जबलपुर दौर पर पहुंचे उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने विपक्षी दलों पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कांग्रेस की संविधान बचाओ यात्रा को महज राजनीतिक स्टंट बताते हुए कहा कि कांग्रेस का इतिहास संविधान का अपमान करने और इसे अपने फायदे के लिए तोड़-मरोड़ कर पेश करने का रहा है।
डिप्टी सीएम शुक्ला ने राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उनके बयानों को उनकी पार्टी के लोग ही गंभीरता से नहीं लेते। आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल पर हमला करते हुए उन्होंने दिल्ली शराब घोटाले का जिक्र किया और कहा कि उनकी ईमानदारी के दावों की पोल खुल चुकी है। उप मुख्यमंत्री ने दावा किया कि केजरीवाल के राजनीतिक करियर का अंत शुरू हो चुका है।
INDIA गठबंधन को लेकर उन्होंने कहा कि यह सिर्फ भाजपा को रोकने के लिए बना है और जल्द ही बिखर जाएगा। विकास कार्यों की बात करते हुए शुक्ला ने जबलपुर के कैंसर अस्पताल को आधुनिक बनाने की योजना पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि अस्पताल में जल्द ही कई आधुनिक मशीनें स्थापित की जाएंगी। जिससे यह एक आदर्श कैंसर केंद्र बन जाएगा।
