
सागर के देवरी थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-44 पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर में बाइक सवार मां की मौत हो गई। वहीं बेटा घायल हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा बनाया। पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, सागर-नरसिंहपुर हाईवे पर ग्राम धुलतरा के पास ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। बाइक सवार मां-बेटा उछलकर सड़क पर जा गिरे। घटना में मां की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बेटा घायल हुआ। दुर्घटना देख राहगीर और आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया है। प्राथमिक जांच में मृतका की पहचान गोमती बाइ उम्र 40 साल निवासी बिलोनी के रूप में हुई है। वहीं, घायल उनका बेटा आकाश सिंह है। मृतका अपने मायके गौरझामर थाना क्षेत्र के ग्राम घोसीपट्टी गई थी। जहां से बेटा आकाश के साथ बाइक पर सवार होकर घर बिलोनी लौट रही थी। तभी हादसे का शिकार हो गई। मामले में देवरी पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच में लिया है। वहीं ट्रैक्टर को जब्त कर थाने में खड़ा कराया है।