
सागर में खेल और युवा कल्याण विभाग ने हॉकी फीडर सेंटर की स्थापना की है। यहां जिले के होनहार खिलाड़ियों को फ्री हॉकी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। खिलाड़ियों को विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने और हॉकी खेल एकेडमी में चयन का अवसर मिलता है।
फीडर सेंटर में नए खिलाड़ियों के चयन के लिए 2 फरवरी को स्थानीय खेल परिसर के एस्ट्रो टर्फ हॉकी मैदान पर ट्रायल होंगे। ट्रायल सुबह 7 बजे और शाम 4 बजे आयोजित किए जाएंगे। इसमें जिले के 8 से 14 वर्ष (1 जनवरी 2025 की स्थिति में) के खिलाड़ी हिस्सा ले सकते हैं।
इच्छुक खिलाड़ी 1 फरवरी शाम 5 बजे तक हॉकी प्रशिक्षक नफीस खान और उमेश चंद्र मौर्य से खेल परिसर स्थित हॉकी मैदान पर संपर्क कर पंजीकरण करा सकते हैं। केवल पंजीकृत खिलाड़ियों को ही ट्रायल में शामिल किया जाएगा। पंजीकरण के समय आवेदन पत्र के साथ पासपोर्ट साइज फोटो, जन्म प्रमाण पत्र और आधार कार्ड जमा करना अनिवार्य है।