
सागर के दक्षिण वन मंडल क्षेत्र के पथरिया जाट गांव में एक नीलगाय की कुएं में गिरने से मौत हो गई। आसपास के लोगों ने कुएं में नीलगाय का शव देखा तो वन विभाग को सूचना दी। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला गया।
जानकारी के अनुसार, पथरिया जाट के पास स्थित फायरिंग रेंज के पास बने कुआं में नीलगाय का शव पड़ा था। कुएं से दुर्गंध आने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और देखा तो उसमें नीलगाय का शव पड़ा था।
सूचना पर दक्षिण वन मंडल की टीम मौके पर पहुंची। करीब एक दर्जन से अधिक वन अमले ने ग्रामीणों और ट्रैक्टर की मदद से रेस्क्यू कर कुएं से नीलगाय के शव को बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि नीलगाय का शव करीब 3 दिन पुराना है। वह रात के समय कुएं में गिरी होगी। जिससे उसकी मौत हो गई। कुआं बगैर मुंडेर वाला था। जिस कारण भी घटना हो सकती है।
डेढ घंटे की मशक्कत के बाद निकाला जा सकता शव
कुएं की गहराई ज्यादा होने और शव फूल जाने के कारण रेस्क्यू में वन अमले को काफी मशक्कत करना पड़ी। जाल डालकर रस्सियों के सहारे करीब डेढ़ घंटे की मेहनत के बाद नीलगाय के शव को कुएं से बाहर निकाला जा सका। शव को वन डिपो ले जाया गया। जहां पोस्टमार्टम किया जाएगा।