
माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 12वीं की परीक्षा में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक से उत्तीर्ण होने वाले मेधावी विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव लैपटॉप की राशि दे रहे हैं। 21 फरवरी को प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के बैंक खाते में लैपटॉप की राशि अंतरित की जाएगी। राज्य स्तरीय कार्यक्रम सुबह 10:30 बजे भोपाल के आरसीवीपी नरोंहा प्रशासन एकेडेमी के स्वर्ण जयंती सभागार में होगा। मुख्य कार्यक्रम में सागर जिले की दो मेधावी छात्राओं को मुख्यमंत्री डॉ. यादव लैपटॉप की राशि का चेक देंगे।
कलेक्टर संदीप जीआर ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के निर्देश अनुसार माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल की कक्षा 12वीं की परीक्षा में सत्र 2023-24 में मेधावी छात्र-छात्राओं को आगे की पढाई को आसान बनाने के लिए लैपटॉप के लिए 25 हजार की राशि दी जा रही है। यह राशि भोपाल में आयोजित कार्यक्रम में 21 फरवरी को स्वर्ण जयंती सभागार आरसीवीपी नरोन्हा प्रशासन एकेडेमी शाहपुरा भोपाल में हस्तांतरित की जाएगी।
इसी कार्यक्रम में सागर की दो छात्राओं को मुख्यमंत्री द्वारा मंच पर लैपटॉप की राशि का चेक दिया जाएगा। कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद जैन को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं करने के लिए निर्देश दिए हैं। साथ ही दोनों छात्राओं को शिक्षकों के माध्यम से भोपाल कार्यक्रम में पहुंचाने की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए हैं।
दो छात्राओं को भोपाल किया जाएगा रवाना
जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद जैन ने बताया कि सागर जिले के 3578 मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप की राशि वर्चुअल कॉन्फ्रेंस के माध्यम से उनके खातों में भेजी जाएगी। शासन के निर्देशानुसार जिले के सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली दो छात्राएं रूचि शुक्ला उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पामाखेड़ी और राखी दांगी सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खिमलासा को शिक्षकों के साथ भोपाल रवाना किया जाएगा। जिनको मुख्यमंत्री कार्यक्रम में 25 हजार रुपए की राशि के चेक देंगे।