
दमोह जिले के बालाकोट मार्ग स्थित केशव नगर के सरस्वती स्कूल में एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। गुरुवार दोपहर शिव परिवार की प्राण प्रतिष्ठा के लिए हवन चल रहा था। इस दौरान अचानक मधुमक्खियों का झुंड पहुंच गया।
हमले में पुरोहित सुदर्शन पाठक और सुशील अग्रवाल घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। कुछ छात्रों को भी मामूली चोट आई है। उनका प्राथमिक उपचार स्कूल में ही कर दिया गया।
स्कूल के व्यवस्थापक विवेक शेंडेय ने बताया कि हवन के समय धुआं हुआ। इस कारण मधुमक्खियां वहां पहुंच गईं। अधिकतर लोग शांत बैठे रहने की वजह से बच गए।
धार्मिक अनुष्ठान के लिए आए पंडित चंद्र गोपाल पौराणिक ने बताया कि दो दिन से चल रहे कार्यक्रम में पहले कोई मधुमक्खी नहीं थी। उनका मानना है कि मधुमक्खियां आसपास के क्षेत्र से आई थीं। सभी घायलों की स्थिति अब स्थिर है।
