
दमोह के नोहटा स्थित प्राचीन नोहलेश्वर मंदिर में चल रहे महोत्सव के दौरान सोमवार रात प्रसिद्ध गायिका पलक मुच्छल ने अपनी शानदार प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में हजारों दर्शक मौजूद रहे। पलक के मधुर गीतों पर पूरा परिसर झूम उठा। उनकी प्रस्तुति को देख श्रोताओं में जबरदस्त उत्साह देखा गया। प्रस्तुति के दौरान आमंत्रण पर दर्जनों स्थानीय बेटियां मंच पर पहुंच गईं और सभी ने पलक के साथ गायन व नृत्य में हिस्सा लिया।
18 फरवरी से शुरू हुआ महोत्सव 28 फरवरी तक चलेगा
18 फरवरी से शुरू हुआ यह महोत्सव 28 फरवरी तक चलेगा। 24 फरवरी से मध्य प्रदेश संस्कृति विभाग देश के प्रसिद्ध कलाकारों की प्रस्तुतियां करवा रहा है। जबेरा विधायक और मध्य प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने महोत्सव को नई ऊंचाइयां दी हैं।
उन्होंने इसे संस्कृति विभाग के वार्षिक कैलेंडर में भी शामिल कराया है। इस वर्ष महोत्सव में हेलीकॉप्टर की सवारी की सुविधा भी उपलब्ध है। 2000 रुपये में लोग अपने परिजनों के साथ हवाई सैर कर सकते हैं। 700 लोगों का निर्धारित लक्ष्य पूरा होने के बावजूद बुकिंग जारी है।
