
18 फरवरी को शक्ति नगर में हुए अभिषेक रजक हत्याकांड के आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी दो सगे भाई हैं, जिन्होंने मामूली बात पर अभिषेक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी थी। दोनों आरोपी करण-अर्जुन आधारताल के रहने वाले हैं।
18 फरवरी की रात को बारात के साथ दोनों गढ़ा पहुंचे थे। जहां पर लड़की पक्ष की तरफ से शादी में शामिल होने आए अभिषेक से विवाद हो गया था। जिसके बाद आरोपियों ने मृतक को बात करने के लिए अंधेरे में बुलाया और फिर चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। कुछ देर बाद मृतक के साथियों ने उसे खून से सना देखा तो इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां उसने दम तोड़ दिया।
गढ़ा थाना प्रभारी प्रसन्न शर्मा ने बताया कि हत्या की जानकारी लगते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मृतक के परिजनों के बयान लेने के बाद करण-अर्जुन के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी थी। अभिषेक की जांघ और पेट पर चाकू से वार किए गए थे, जिसके चलते उसकी मौत हुई थी। पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी, जिन्हें कि मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया गया है।