
दमोह जिले के मगरोन थाना क्षेत्र में एक युवक पर जानलेवा हमला हुआ है। फतेहपुर के रहने वाले लोकराम अहिरवार (28) को 10 से ज्यादा बदमाशों ने गोली मार दी। घटना सोमवार देर रात करीब 1:30 बजे मडियादो गांव के पास की है।
लोकराम अपने दोस्त अजय की शादी से कांटी गांव से लौट रहा था। वह अपने पिता और भाई के साथ बाइक पर सवार था। इसी दौरान हटा निवासी अजय अहिरवार, परम और गौतम अहिरवार समेत कई लोग बाइक से वहां पहुंचे। उन्होंने अचानक गोलियां चलानी शुरू कर दीं।
घायल लोकराम ने बताया कि पहले उसे लगा कि आरोपी पत्थर फेंक रहे हैं। जैसे ही उसने बाइक रोकी, एक गोली उसके हाथ में लग गई। वह नीचे गिर गया और आरोपी मौके से फरार हो गए।
पहले भी घर में घुसकर किया था हमला
पिता घायल बेटे को पहले हटा अस्पताल ले गए। वहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। लोकराम का कहना है कि उसका आरोपियों से कोई विवाद नहीं है। हालांकि, इससे पहले आरोपी परम ने उसके घर में घुसकर तलवार से हमला करने की कोशिश की थी। उस वक्त पुलिस में शिकायत की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।