
पांच दिवसीय रंगोत्सव शुक्रवार से शुरू हो रहा है। सागर में गुरुवार यानी आज फाल्गुन माह की पूर्णिमा पर होलिका दहन किया जाएगा। शहर में 150 से अधिक स्थानों पर होली जलाई जाएगी। जिसको लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं।
शहर में मुख्य रूप से भीतर बाजार, सरस्वती मंदिर, बालाजी मंदिर, बड़ा बाजार, काकागंज हनुमान मंदिर, विजय टॉकीज चौराहा, राधा तिराहा, परकोटा, तीन बत्ती, सिविल लाइन, गोपालगंज, तिली, सदर, भगवानगंज आदि स्थानों पर लोग होलिका दहन करेंगे। भीतर बाजार में होलिका और भक्त प्रहलाद की मूर्तियां स्थापित कर होलिका सजाई जा रही है।
भद्रा के बाद होगा होलिका दहन
ज्योतिषाचार्यों के अनुसार, फाल्गुन पूर्णिमा सुबह 10 बजकर 36 मिनट पर प्रवेश हो रही है जो शुक्रवार की दोपहर 12.24 बजे तक रहेगी। शुक्रवार को फाल्गुन पूर्णिमा प्रदोष काल व्यापिनी नहीं है। इसलिए इस दिन होलिका का दहन नहीं होगा। गुरुवार को फाल्गुन पूर्णिमा प्रदोष काल व्यापिनी है। लेकिन इस दिन भद्रा रात्रि 11 बजकर 28 मिनट तक रहेगी।
रात्रि 11 बजकर 28 मिनट के बाद और निशीथ कल से पहले अर्थात रात 12 बजकर 33 मिनट के पहले होलिका का दहन करना शास्त्र समत रहेगा। प्रदोष काल व्यापिनी फाल्गुन पूर्णिमा को भद्रा काल को छोड़कर होलिका दहन करना चाहिए।