
पन्ना के सरकोहा गांव में होली की शुक्रवार रात शराब पार्टी विवाद में बदल गई। गोविंद कुशवाहा (35) अपने दो दोस्तों ठाकुरदीन और सुरेंद्र सिंह के साथ घर में शराब पी रहा था। नशे में किसी बात को लेकर तीनों में विवाद हो गया।
विवाद इतना बढ़ गया कि ठाकुरदीन और सुरेंद्र सिंह ने गोविंद को पकड़ लिया। दोनों ने चाकू से गोविंद की नाक पर हमला कर दिया। हमले में उसकी नाक और होंठ कट गए। गोविंद की चीख-पुकार सुनकर संतोष यादव और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।
घायल युवक रीवा रेफर
घायल गोविंद को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया। जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉक्टर आलोक गुप्ता ने बताया कि चाकू युवक की नाक में काफी अंदर तक घुस गया था। गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज रीवा रेफर कर दिया गया है।
अस्पताल चौकी पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस आगे की जांच कर रही है।