
छतरपुर में शनिवार-रविवार की रात को एक मजदूर की करंट लगने से मौत हो गई। यह घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सागर-कानपुर नेशनल हाईवे स्थित बुंदेलखंड ढाबा के पीछे हुई। मृतक की पहचान छिकोड़ी के रूप में हुई है। वह नौगांव थाना क्षेत्र के नैगवा गांव का रहने वाला था। छिकोड़ी पिछले 22 वर्षों से राम शुक्ला के खेत पर मजदूरी करता था। शनिवार की रात को खाना खाने के बाद वह खेत में पंप चलाने गया था। इसी दौरान उसे करंट लग गया।
घटना की जानकारी सुबह मालिक को मिली। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया। मृतक को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रविवार दोपहर को शव का पोस्टमॉर्टम किया गया।
मृतक के भतीजे बलराम ने बताया कि उनके चाचा लंबे समय से राम शुक्ला के यहां काम कर रहे थे। उन्होंने घटना की जांच की मांग की है। सिविल लाइन थाना प्रभारी बाल्मिक चौबे ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
