
सागर के तिलकगंज इलाके में झूला तिराहे के पास रविवार सुबह करीब 4 बजे अचानक लकड़ी के टाल में आग लग गई। आग का धुआं और लपटें उठती देख आसपास के लोग जागे और उन्होंने तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। जानकारी मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फायर फाइटर गाड़ियों को बुलाया गया। आग बुझाने की मशक्कत शुरू की गई।
लेकिन देखते ही देखते आग ने भीषण रूप ले लिया। चारों तरफ धुआं ही धुआं फैल गया। लोगों की भीड़ जमा हुई। नगर निगम, नगर पालिका और सेना की फायर गाड़ियों की मदद से करीब 4 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
शॉर्ट सर्किट होना बताया जा रहा
दरअसल, झूला तिराहे पर हरविंदर सिंह का लकड़ी का टाल है। टाल में बड़ी मात्रा में लकड़ी रखी थी। सुबह अचानक से टाल में आग लगी। सुबह का समय होने से कोई था नहीं, इसलिए आग ने भीषण रूप ले लिया। आग देख आसपास के घरों में रहने वाले लोग बाहर आ गए।
फायर फाइटर गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। गनीमत है किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट होना बताया जा रहा है। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर नुकसानी का पंचनामा बनाया है।

