
जबलपुर में एक युवक ने पत्नी की प्रताड़ना का जिक्र करते हुए वीडियो बनाया और परिवार को भेजने के बाद लापता हो गया। इसके बाद से उसकी पत्नी भी लापता है। पुलिस ने दोनों की गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
शहर के आधारताल इलाके में रहने वाले आनंद दुबे (35) ने पत्नी से विवाद के बाद वीडियो बनाया, जिसमें वह कह रहा है…
घरेलू हिंसा का शिकार सिर्फ महिलाएं ही नहीं, बल्कि पुरुष भी होते हैं। मेरी पत्नी छोटी-छोटी बातों पर झगड़ा और मारपीट भी करती है और झूठे केस में फंसाने की धमकी देती है। मैं सबकुछ छोड़कर जा रहा हूं। पत्नी का इलाज करवा लेना और मेरे परिवार को चैन से जीने देना। मुझे ढूंढने की कोशिश मत करना।
चार साल पहले हुई थी शादी
आधारताल के निर्भय नगर निवासी आनंद दुबे प्राइवेट नौकरी करता है। चार साल पहले उसकी शादी निभा दुबे से हुई थी। कुछ दिन तक सबकुछ ठीक था, लेकिन फिर पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ने लगे। पारिवारिक झगड़ों के चलते आनंद मानसिक तनाव में रहने लगा।
पति का वीडियो देखकर पत्नी भी लापता
आनंद का वीडियो मिलने के बाद परिवार ने उसे खोजने की कोशिश की, लेकिन उसका फोन स्विच ऑफ आ रहा था। इसी दौरान जब पत्नी निभा को इस घटना की जानकारी मिली तो वह भी घर छोड़कर लापता हो गई। उसका फोन भी स्विच ऑफ आ रहा है।
दंपती की तलाश में जुटी पुलिस
आनंद के जीजा विनोद ने आधारताल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। थाना प्रभारी राजकुमार खटीक ने बताया कि आनंद और उसकी पत्नी की गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है और उनकी तलाश की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आनंद ने खुद कहीं जाकर मोबाइल बंद किया है या उसके साथ कोई अप्रिय घटना हुई है।