
हिंदू नव वर्ष के अवसर पर शहर के प्राचीन नजरबाग मंदिर में भव्य आयोजन किया गया। मंदिर को आकर्षक रूप से सजाया गया। रविवार की रात भजन संध्या और दीपोत्सव का कार्यक्रम हुआ। श्रीराम जन्मोत्सव परिवार के विवेक चौरसिया के अनुसार, भजन गायक सुरेंद्र झा, राम जी असाटी और शिवानी झा ने भजनों की प्रस्तुति दी। श्रोताओं ने देर रात तक भजनों का आनंद लिया। मंदिर परिसर में 2100 दीपक जलाकर भगवान श्री राम और माता भगवती की महाआरती की गई। लकी चौरसिया ने बताया कि श्रीराम जन्म महोत्सव के लिए 22 मार्च से प्रभात फेरी निकल रही है। नवरात्र के पहले दिन से शाम को महा आरती शुरू हो गई है। शहर की विभिन्न कॉलोनियों में माता भगवती और भगवान श्री राम की महा आरती होगी। 5 अप्रैल तक प्रभात फेरी और महाआरती के कार्यक्रम चलेंगे। 6 अप्रैल को दोपहर 12 बजे नजरबाग मंदिर में श्रीराम जन्म महोत्सव मनाया जाएगा। बुंदेली गायक कविता शर्मा और खनिज देव चौहान बधाई गीत प्रस्तुत करेंगे। भगवान को 56 भोग लगाया जाएगा। शाम 5 बजे शहर में विशाल शोभायात्रा निकलेगी।