
छतरपुर में सोमवार को रामनवमी की प्रभात फेरी में दो पक्षों में विवाद हो गया। एक पक्ष ने दूसरे पर बका और चाकू से हमला किया, जिसमें दो लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। घायल का कहना है कि हमलावरों ने बचाने आए एएसआई पर भी हमला किया। वे भी घायल हुए हैं, हालांकि पुलिस ने एएसआई पर हमले की बात से इंकार किया है।
सोमवार सुबह 10 बजे गल्ला मंडी क्षेत्र से रामनवमी का जुलूस निकला, जो शहर से होते हुए वापस गल्ला मंडी क्षेत्र पहुंचना था। जुलूस छत्रसाल चौराहे से आगे चेतगिरी कॉलोनी पहुंचा, यहां ऑइस फैक्ट्री के पास जुलूस में शामिल संजू मिश्रा पर तीन युवकों ने हमला कर दिया। उन्होंने संजू पर चाकू और बका से वार किया। संजू के सिर पर बका लगने से वह नीचे गिर गया, उसे बचाने दोस्त सुरेंद्र साहू दाैड़े तो बदमाशों उन पर चाकू से हमला कर दिया।
संजू ने बताया कि जुलूस में आगे चल रही पुलिस टीम में शामिल एएसआई प्रदीप शर्मा बचाने आगे बढ़े तो हमलावरों ने उन पर हमला किया। उनके हाथ और पीठ पर वार किया। जुलूस में शामिल लोगों की मदद से पुलिस ने दो हमलावर अभय वर्मा और टीपी ठाकुर को पकड़ लिया। वहीं, एक आरोपी भीड़ का फायदा उठाकर भाग निकला। पुलिस ने हमें तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
घायल बोला- आरोपियों को भाजपा का संरक्षण
घायल संजू मिश्रा ने बताया कि अभय वर्मा और डीपी ठाकुर समेत तीन लोगों ने हमला किया है। पहले सिर पर बका मारा, फिर से छुरे से हमला किया। उसने आरोप लगाया कि कुछ भाजपा नेताओं का हमलावरों को संरक्षण है। इस कारण इन्होंने पुलिस के सामने ही वारदात को अंजाम दिया। पहले भी ये लोग इस प्रकार की कई घटनाएं कर चुके हैं। पुलिस कार्रवाई नहीं होने से ये खुलेआम घूमते हैं।
दो हमलावर हिरासत में
श्रीराम समिति के अध्यक्ष पंकज पहारिया ने बताया कि यह हमला व्यक्तिगत दुश्मनी का है। इस घटना का धार्मिक द्वेष या धर्म से कोई संबंध नहीं है।
सिटी कोतवाली थाना प्रभारी अरविंद दांगी के अनुसार दो पक्षों में विवाद हुआ था। दो हमलावरों को हिरासत में लिया है। तीसरे की तलाश के लिए टीम जुटी है। प्रारंभिक पड़ताल में सामने आया है कि पूरा विवाद लेन-देन को लेकर हुआ है।
