
पन्ना टाइगर रिजर्व में गर्मियों का मौसम शुरू हो चुका है। इस दौरान सोमवार को सफारी के दौरान पर्यटकों ने बाघिन पी-151 को अपने दो शावकों के साथ झरने पर पानी पीते देखा। पर्यटकों ने इस खास पल को वीडियो में कैद कर सोशल मीडिया पर शेयर किया।
पन्ना टाइगर रिजर्व में इस समय 90 से ज्यादा बाघ हैं। इनमें करीब 30 शावक एक से दो साल के हैं। छह महीने से डेढ़ साल तक के शावक अपनी मां के साथ ही जंगल में घूमते हैं। रिजर्व में बाघिन पी-151 के दो शावक और बाघिन पी-141 के तीन शावक समेत कई अन्य बाघिनों के बच्चे भी हैं।
गर्मी के मौसम में बाघ अक्सर पानी के स्रोतों के आस-पास ही नजर आते हैं। बाघिनों को अपने शावकों के लिए शिकार और पानी की व्यवस्था करनी होती है। इसलिए वे नदी किनारे या झरनों के पास ज्यादा दिखाई देती हैं।