
पद्मश्री राम सहाय पांडे का मंगलवार को निजी अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। वे लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। 92 वर्ष की उम्र में उन्होंने अंतिम सांस ली। उनका अंतिम संस्कार ग्राम कनेरा देव में किया जाएगा।
बता दें,
सोमवार को उनकी तबीयत खराब होने पर उन्हें शहर के निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया था जहां उनका इलाज चल रहा था। इधर पद्मश्री पांडे की तबीयत खराब होने की सूचना मिलते ही विधायक शैलेंद्र जैन, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी समेत अन्य उन्हें देखने के लिए अस्पताल पहुंचे थे साथ ही सीएमएचओ डॉ. ममता तिमोरे ने अस्पताल पहुंचकर पांडे के स्वास्थ्य की जानकारी ली थी।
वर्ष 2022 में मिला था पद्मश्री सम्मान
पद्मश्री रामसहाय पांडे को वर्ष 2022 में भारत सरकार ने कला के क्षेत्र में उनकी विशिष्ट सेवा के लिए पद्म पुरस्कारों की श्रृंखला में तीसरा सर्वोच्च पुरस्कार पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया था। यह पुरस्कार बुंदेली लोक नृत्य राई को लोकप्रिय बनाने के लिए दिया गया था।
