
टीकमगढ़ में गुरुवार को महावीर जयंती का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। भगवान महावीर की प्रतिमा का अभिषेक और पूजन किया गया। महावीर बाल जैन मंदिर से सुबह और बाजार जैन मंदिर से दोपहर 3 बजे शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा जवाहर चौक से शुरू होकर लुकमान चौराहा, सिंधी धर्मशाला और कोतवाली रोड होते हुए गांधी चौराहे तक पहुंची। यात्रा का समापन मानस मंच पर हुआ।
नंदीश्वर कॉलोनी स्थित त्रिकाल चौबीसी मंदिर में विशेष पूजा का आयोजन किया गया। मार्ग में जगह-जगह जैन समाज के लोगों ने पालकी में विराजमान श्रीजी की आरती उतारी। महिलाओं और बच्चों ने धार्मिक गीतों पर नृत्य कर उत्सव में भाग लिया।
धर्म प्रभावना समिति के अध्यक्ष नरेंद्र जैन ने बताया कि जिला मुख्यालय और ग्रामीण क्षेत्र के जैन मंदिरों में भी पर्व धूमधाम से मनाया गया। आयोजन समिति के सदस्य प्रत्येंद्र सिंघई के अनुसार सभी राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधियों ने यात्रा का स्वागत किया। नगर पालिका अध्यक्ष अब्दुल गफ्फार ने शोभायात्रा मार्ग पर पानी डलवाकर सफाई करवाई और जैन समाज को बधाई दी। मार्ग में लोगों ने यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं पर फूलों की वर्षा की।