
पन्ना नगर में जलापूर्ति की समस्या का स्थायी समाधान करने के लिए 6 करोड़ 56 लाख रुपए की लागत से खोरा डैम का निर्माण किया जा रहा है। यह डैम दो पहाड़ों को जोड़कर बनाया जा रहा है, जो 1 से 2 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैला होगा। डैम में 1.9 MCM पानी स्टोर करने की क्षमता होगी।
वर्तमान में पन्ना नगर में धरम सागर, निरपत सागर और लोकपाल सागर जैसे प्राचीन तालाब जलापूर्ति के मुख्य स्रोत हैं। खोरा नाले से एक ही बारिश में निरपत सागर तालाब भर जाता है, जिससे पूरे वर्ष नगर में जल आपूर्ति की जाती है।
अब जलसंकट की समस्या होगी दूर
गर्मियों के दौरान नगर के कई क्षेत्रों में जल संकट गंभीर हो जाता है। बढ़ती जनसंख्या और नगर के विस्तार को देखते हुए पूर्व मंत्री और पन्ना विधायक ब्रजेन्द्र प्रताप सिंह के प्रयासों से यह परियोजना शुरू की गई है। खोरा डैम के निर्माण से निरपत सागर तालाब की तुलना में अधिक पानी एकत्रित किया जा सकेगा। इससे नगर की जल आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत किया जा सकेगा और स्थानीय निवासियों को पानी की समस्या से राहत मिलेगी।