
सागर में किशोर न्यायालय के पास युवक का शव कमरे में फंदे पर झूलता मिला है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा बनाया। मृतक की पहचान भोले पिता मुकुंदी सेन उम्र 27 साल निवासी पठारी विदिशा के रूप में हुई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है।
पुलिस के अनुसार, मृतक किशोर न्यायालय के पास पीएम आवास का निर्माण कर रहे ठेकेदार का सुपरवाइजर था। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारकर पंचनामा बनाया। मृतक किशोर न्यायालय के पास में साथ में काम करने वाले साइट के चौकीदार निजाम अहिरवार के साथ रहता था।
जानकारी के अनुसार शाम को निजाम अपने रिश्तेदार के यहां मकरोनिया गया था। रात में वापस नहीं लौटा। सुबह वापस आते समय उसने मृतक को फोन लगाया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ।
इसके बाद वह चाय लेकर सुबह करीब 9 बजे कमरे पर पहुंचा। जहां देखा कि भोले पंखे पर फंदे से झूल रहा है। इसके बाद उसने तत्काल अपने ठेकेदार और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच में लिया है। मृतक ने सुसाइड क्यों किया, इस संबंध में पुलिस जांच कर रही है।