
सतना में एक प्रधान आरक्षक को थाने के भीतर घुस कर गोली मार दी गई। सीने में गोली लगने के बाद घायल को देर रात रीवा के संजय गांधी अस्पताल लाया गया। जिसे आईसीयू में रखा गया है। जिसकी हालत लगातार गंभीर बनी हुई है।
मंगलवार दोपहर घायल को देखने के लिए एसपी विवेक सिंह अस्पताल के आईसीयू वार्ड पहुंचे। जहां उन्होंने घायल पुलिसकर्मी से मुलाकात की। एसपी विवेक सिंह ने बताया कि गोली लगने की वजह से तमाम तरह के एहतियात बरते जा रहे हैं। मौके पर सीनियर डॉक्टर्स को बुलाया गया है। गोली कंधे के नीचे और चेस्ट के ऊपरी हिस्से में लगी है। एक इंजरी और है,उसके बारे में यह पता किया जा रहा है कि वो इंजरी कैसे आई। हम स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
जानकारी के मुताबिक, जैतवारा थाना के मुंशी प्रिंस गर्ग ड्यूटी के बाद खाना खाने की तैयारी कर रहे थे। तभी एक नकाबपोश बैरक में घुस गया, इससे पहले कि मुंशी कुछ समझ पाते बदमाश ने कट्टे से गोली चला दी। गोली पुलिसकर्मी के कंधे में लगी है, गोली मारने के बाद नकाबपोश बदमाश मौके से फरार हो गया।
घायल हेड कॉन्स्टेबल को आनन फानन में उनके साथियों द्वारा इलाज के लिए सतना जिला अस्पताल लाया गया, जहां से प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें रीवा के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पर उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।