
इंदौर के मूसाखेड़ी क्षेत्र में नगर निगम के डंपर ने घर के बाहर खेल रही छह साल की बच्ची को रौंद दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक डंपर छोड़कर भाग गया। नाराज लोग उसे पकड़ने भी दौड़े थे। बाद में लोगों ने डंपर में तोड़फोड़ कर दी। मौके पर पहुंच कर पुलिस ने डंपर जब्त कर लिया। अब चालक की खोजबीन की जा रही है।
मूसाखेड़ी क्षेत्र में घर के बाहर निहारिका नामक छह साल की बच्ची साइकिल चला रही थी। तब सड़क से नगर निगम का एक डंपर तेज गति से आया। बच्ची घबरा गई और वह साइकिल सहित गिर पड़ी। चालक को वह नजर नहीं आई और डंपर बच्ची को रौंदता हुआ आगे बढ़ गया। लोगों ने हादसा देखा तो डंपर को रोका। चालक को तब भी पता नहीं चला कि पहिए के नीचे आने से एक बच्ची की मौत हो गई है।
बाद में चालक और डंपर में सवार निगम का कर्मचारी भाग गया। आक्रोशित लोगों ने डंपर पर पत्थर बरसाने शुरु कर दिए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। लोगों को कहना है कि निर्माण कार्य के कारण सड़क पर जगह नहीं बची है। फिर भी यहां से भारी वाहन निकलते रहते है। हमेशा हादसे का डर बना रहता है। लोगों ने चालक को गिरफ्तार करने की मांग भी की। पुलिस डंपर जब्त कर थाने ले गई। चालक पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। उसकी तलाश की जा रही है।