
जबलपुर में सगाई के बाद सरकारी टीचर ने दहेज में 11 लाख और लग्जरी कार की डिमांड की। मांग पूरी नहीं होने पर रिश्ता तोड़ दिया। यहीं नहीं दुल्हन के पिता जब उसे मनाने पहुंचे तो कहा-इतना तो बनता है कहकर घर से निकाल दिया। बुधवार रात दुल्हन परिजन के साथ थाने पहुंची और एफआईआर दर्ज कराई।
गोहलपुर पुलिस ने दुल्हन की शिकायत के बाद सरकारी टीचर शैलेंद्र झारिया समेत उसके परिवार के 9 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। सरकारी टीचर और युवती की 27 अप्रैल को एक बड़े होटल में सगाई हुई थी। 6 मई को शादी होने वाली थी।
वर पक्ष पर आरोप, कहा-रिश्तेदार बनने लायक नहीं
त्रिमूर्ति नगर की रहने वाली युवती की शादी कृष्णा कॉलोनी निवासी शैलेंद्र झारिया से तय हुई थी। शहर के एक होटल में सगाई के रस्में पूरी हुईं। दुल्हन और परिवार खुश था। शादी की तैयारियां चल रही थी। युवती के पिता ने दूल्हे को दो लाख कैश और जेवर दिए थे।
इसके बाद वर पक्ष से 11 लाख नकद और लग्जरी कार की डिमांड आ गई। वधु पक्ष ने नकद और कार देने में असमर्थता जताई, तो उन्होंने यह कहते हुए रिश्ता तोड़ दिया कि आप लोग हमारे रिश्तेदार बनने लायक नहीं हैं।
पिता का आरोप- दूल्हे की मां ने कहा दो लाख कम है..
युवती के पिता संतोष ने बताया कि 29 अप्रैल को शैलेंद्र की मां सरोज झारिया का फोन आया था। उन्होंने 11 लाख एवं लग्जरी कार की डिमांड की। कहा कि 2 लाख रुपए बहुत कम हैं, यदि 11 लाख और कार मिल जाती तो अच्छा होता। इसके बाद जब हम 30 अप्रैल को शैलेंद्र के घर गए तो कहा डिमांड पूरी नहीं हुई तो, आप अपनी लगुन वापस ले जा सकते हैं।
शादी पक्की होते समय लड़के वालों का कहना था कि हमें कुछ भी दहेज नहीं चाहिए। इसके बाद भी अपनी हैसियत के अनुसार 51 हजार रुपए नकद, अंगूठी और टू-व्हीलर देने को तैयार हुए, जिस पर युवक की मां ने कहा कि टू-व्हीलर नहीं नकद दे दीजिए, इसके बाद 2 लाख रुपए की लगुन चढ़ाई गई।
युवती के पिता दूल्हे की मां को समझाते रहे
युवती के पिता ने शैलेंद्र की मां को समझाया कि शादी की तैयारी में ही बहुत पैसा खर्च हो गया। इस पर शैलेंद्र का कहना था कि मैं सरकारी टीचर हूं, 11 लाख रुपए तो देना बनता है। युवती के दादा वीरेंद्र झारिया ने बताया कि शैलेंद्र को शादी के लिए बहुत मनाया पर वह नहीं माना। घर से बाहर निकाल दिया और कहा कि शादी की तारीख के दिन ही, मैं दूसरी लड़की से शादी करूंगा।
दूल्हे समेत 9 लोगों पर एफआईआर
युवती की शिकायत पर पुलिस ने दूल्हे शैलेंद्र झारिया समेत सरोज झारिया, भगवत झारिया, शिल्पा झारिया, पवन राज, आस्था झारिया, शुभम झारिया, चंद्रिका मेहरा और उमा झारिया के खिलाफ दहेज प्रतिषेध अधिनियम, 1961(3) और भारतीय न्याय संहिता 2023, 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच में लिया है।
पुलिस ने कहा- आरोपों की कर रहे जांच
एसआई संध्या तिवारी ने बताया कि- शैलेंद्र के परिवार वालों को भी पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया है। मामले की जांच की जा रही है।