
सागर में बुधवार को स्नेक कैचर ने घर की छत घोड़ा पछाड़ प्रजाति का नाग-नागिन जोड़ा पकड़ा। जोड़े को देखने के लिए लोगों की भीड़ लग गई। घटना खुरई रोड पर स्थित ट्रैक्टर शोरूम के सामने की है।
जानकारी के अनुसार, खुरई रोड निवासी प्रीति अहिरवार के मकान की छत पर पिछले करीब 3 दिनों से नाग-नागिन के जोड़े को देखा जा रहा था। मकान मालिक ने इसकी सूचना स्नेक कैचर को दी। लेकिन जब तक स्नेक कैचर मौके पर पहुंचे, सांप का जोड़ा वहां से भाग जाता था।
मकान मालिक ने आज फिर नाग-नागिन का जोड़ा छत पर देखा। परिवार के लोगों ने स्नेक कैचर बबलू पवार को सूचना दी। जानकारी मिलते ही स्नेक कैचर मौके पर पहुंचे। लेकिन सांप का जोड़ा फिर भाग गया। जिसके बाद उन्होंने करीब 1 घंटे तक इंतजार किया। माहौल शांत होने पर नाग-नागिन का जोड़ा फिर छत पर आ गया। जिसे सुरक्षित पकड़ लिया।
रेस्क्यू में पकड़ाया जोड़ा घोड़ा पछाड़ प्रजाति का
स्नेक कैचर बबलू पवार ने बताया कि रेस्क्यू में पकड़ाया सांप का जोड़ा घोड़ा पछाड़ प्रजाति का है। जिनकी लंबाई करीब 8-8 फीट है। सांपों को सुरक्षित जंगल में छोड़ा जाएगा। विशेषज्ञों की मानें तो गर्मी के कारण जमीन गर्म हो जाती है। इस कारण सांप सुबह और शाम के समय बिल से बाहर निकलते हैं। ताकि उन्हें ठंडापन महसूस हो सके। वहीं गर्मी के मौसम में नाग-नागिन के मिलन का समय भी होता है।